जमशेदपुर : कभी जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता रहे जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी संभाल चुके और वर्तमान में धनबाद जिला प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे राजकुमार श्रीवास्तव ने लगातार पार्टी में अपनी उपेक्षा से तंग आकर आखिरकार पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया l ज्ञात हो की अपनी पत्नी को मानगो नगर निगम के चुनाव में पार्टी का समर्थन और टिकट नहीं मिलने से राजकुमार श्रीवास्तव पहले से ही नाराज़ चल रहे थे l भारतीय जनता पार्टी से विगत 45 वर्षों से एक समर्पित कार्यकर्त्ता के रूप जुड़े रहे राजकुमार श्रीवास्तव के इस प्रकार पार्टी से त्यागपत्र देने को एक बड़े नुकसान के रूप में देखा जा रहा है l
इस प्रकार अचानक पार्टी छोड़ने के सवाल पर राजकुमार श्रीवास्तव ने कहा की वर्तमान में भाजपा आम कार्यकर्ताओं की पार्टी नहीं रहकर अब धनवान और पूंजीपतियों की पार्टी हो गयी है l जहाँ आम कार्यकर्त्ता की कोई सुनने वाला नही है l पार्टी में जो लोग पद और अपने निजी उद्देश्यों की पूर्ती के लिए आते हैं उन्हें सम्मान दिया जा रहा है मगर वर्षों से अपने खून पसीने से सींचकर पार्टी का झंडा धोने वाले समर्पित कार्यकर्त्ता आज हाशिये पर है l यही कारण है की आम कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता है l
उन्होंने कहा की वर्तमान समय में जब भी पार्टी का कोई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है तो वैसे स्थान का चयन किया जाता है जहाँ आम कार्यकर्त्ता पहुँच ही नहीं सकता है l रायशुमारी होती है आम कार्यकर्त्ता ही वहां से नदारद रहते हैं l इसके बाद भी यदि कोई कार्यकर्त्ता पहुँच गया तो उसे पदाधिकारी से मिलने से रोक दिया जाता है l पहले नेता या पदाधिकारी किसी जिला में प्रवास करते थे तो आम कार्यकर्ता के घर में उनका नाश्ता एवं भोजन होता था परंतु आज के समय में बड़े बड़े होटल में उनके नाश्ता, भोजन व ठहरने को व्यवस्था की जाती है। जो पार्टी के मूल सिद्धांतो के विपरीत है l
उन्होंने कहा की भज के पुरोधा माननीय अटल जी कहते थे जो नए 10 लोग चले जाए लेकिन हमारा पुराना एक भी कार्यकर्ता नहीं टूटना चाहिए आज उनकी बातों की भी उपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने पार्टी के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए कहा की कर्मवीर सिंह जी पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कर रहे है और धन दौलत से परिपूर्ण लोगो को पार्टी में तरजीह दे रहे है। 10 दिनों के बाद वो चले जाएंगे उसके बाद उनकी करनी का खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ेगा l
राजकुमार श्रीवास्तव यही नहीं रुके उन्होंने कहा की वर्तमान समय में मानगो नगर निगम का चुनाव हो रहा है जो नीतिगत रूप से गैर राजनीतिक चुनाव है राजनीतिक पार्टी के चुनाव चिन्ह पर यह चुनाव नहीं हो रहा है। आसन्न चुनाव में हमारी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव मेयर पद की प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही है वह भी विगत 30 वर्षों से पार्टी की सेवा करते आ रही है। आज पार्टी के लोगों द्वारा यह निर्देश दिया जा रहा है कि मैं अपनी पत्नी का साथ छोड़ दूँ यह अनुचित आदेश मानने के लिए मैं बाध्य नहीं हूं। नामांकन के बाद प्रदेश या केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मुझसे कोई संपर्क नहीं किया गया। चुनाव में इस पार्टी के द्वारा जिन पदाधिकारियों को दायित्व दिया गया वे भी मुझसे मिलना उचित नहीं समझे राष्ट्रीय महामंत्री मुख्यालय अरुण कुमार सिंह का आगमन भी जमशेदपुर में हुआ और हमारे घर से महज़ 100 गज की दूरी पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी संध्या सिंह का कार्यालय खुला जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री उपस्थित थे l ये घोर आश्चर्य की बात है की वे मात्र 4 वर्षों से भाजपा में कार्य कर रहे नीरज सिंह की पत्नी के चुनाव में उपस्थित हुए लेकिन 45 वर्ष से कार्य कर रहे निष्ठावान कार्यकर्ता राज कुमार श्रीवास्तव से मिलना तो दूर उन्होंने एक फोन कॉल भी नहीं किया l उन्होंने कहा की मानगो उनका घर है और लगातार वो सभी लोगों से जुड़े रहे हैं l जनता सब देख रही है l चुनाव में वो इसका माकूल जवाब देगी l

